नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एमएलसी चुनाव की वोटर लिस्ट में अजीब-गरीब नामों पर बवाल हो गया। वोटर लिस्ट में रामहित यादव का नाम ‘राम ने यादव को मारा हो गया। ऐसी ही और भी शिकायतें इलाहाबाद-झांसी सहित कुछ अन्य सीटों की वोटर लिस्ट में सामने आई है। इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित जिलों से जवाब तलब किया है।
मामले में क्या बोले मुख्य निर्वाचन अधिकारी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि एमएलसी चुनाव में पहली बार वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है। 14.81 लाख नामों में करीब 158 नाम ऐसे पाए गए हैं जिसमें वोटर या उनके संबंधियों के नाम अजीब है। सॉफ्टवेयर को अंग्रेजी में टाइप किए गए नामों का हिंदी अनुवाद करना था, लेकिन किसी त्रुटि की वजह से गलत अनुवाद हो गया।
सॉफ्टवेयर ने गलत ट्रांसलेट कर दिया
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, वोटर का नाम रामहित यादव है तो उसको अंग्रेजी में टाइप करने समय अगर त्रुटिवश Ramhit Yadav की जगह Ram hit Yadav टाइप कर दिया तो सॉफ्टवेयर ने इसे ‘राम ने यादव को मारा’ ट्रांसलेट कर दिया। इनको सुधार जा सकता था लेकिन जहां लोग सावधान नहीं रहे वहां गलतियां रही। पिता की जगह B. Com टाइप करना मानवीय भूल या लापरवाही है। कमिश्नर निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ERO) और जिला अधिकारी AERO है। वोटर लिस्ट को गलतियों से मुक्त रखना इनकी जिम्मेदारी है।


































