भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 टी-20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला आज खेला जाएगा। मैच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा। भारतीय टीम पिछला मैच जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे है।
इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी का खेलना तय है। इसकी वजह ईशान किशन का चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो जाना है। भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी प्री-मैच कॉन्फ्रेंस में सूर्यवंशी के खेलने के संकेत दिए हैं।
भारत का यह 300वां टी-20 मैच होगा। टीम यह मुकाम हासिल करने वाली दुनिया की दूसरी टीम बनेगी। पाकिस्तान 304 मैचों के साथ पहले स्थान पर है। साथ ही भारत अगर यह मुकाबला मुकाबला जीतता है, तो 200 टी-20 जीतने वाला पहला देश बन जाएगा।
सूर्यवंशी ओपन करेंगे या नंबर-3 पर खेलेंगे
सूर्यवंशी के खेलने पर सबसे बड़ा सवाल होगा कि वे ओपन करेंगे या ईशान की नंबर-3 पोजिशन पर खेलेंगे।
- एशियन गेम्स में भारत ने अभिषेक, सैमसन और सूर्यवंशी तीनों को एक साथ खिलाया था। तब सूर्यवंशी ने ओपन किया था और सैमसन नंबर-3 पर खेले थे।
- हालांकि सैमसन ने पिछले मैच में ओपन करते हुए 33 गेंद पर 67 रन बनाए थे। ऐसे में टीम शायद सूर्यवंशी को नंबर-3 पर भेज सकती है।
भारत का पलड़ा भारी
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 32 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इनमें भारत ने 20 मुकाबले जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मैचों में जीत मिली है। एक मुकाबला टाई रहा है।
अभिषेक शर्मा इस साल हजार रन पूरा करने से 15 रन दूर
ईशान के बाद अभिषेक शर्मा इस साल भारत के टॉप रन स्कोरर रहे हैं। अभिषेक ने 35 मैचों में 202.67 की स्ट्राइक रेट से 985 रन बनाए हैं। उन्होंने पहले मैच मेें भी 12 गेंद पर 29 रन बनाए थे।
गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 28 मैचों में 36 विकेट लिए हैं। उनके अलावा भुवनेश्वर कुमार से भी पावरप्ले में विकेट की उम्मीद होगी।
न्यूजीलैंड के टॉप टी-20 प्लेयर्स
न्यूजीलैंड के लिए 2026 में टिम सइफर्ट ने 14 मैचों में सबसे ज्यादा 453 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 164.13 रहा।
गेंदबाजी में कप्तान मिचेल सैंटनर ने 17 मैचों में 14 विकेट लिए। उनकी इकोनॉमी 7.89 रही। पिछले मैच में भी उन्होंने 2 विकेट चटकाए थे।
हेगले ओवल में रनचेज आसान
हेगले ओवल में पहले टी-20 के दौरान 450 से ज्यादा रन बने थे। पिच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है, लेकिन बाद में बल्लेबाजी आसान होने की उम्मीद है। क्राइस्टचर्च में मैच के समय तापमान कम रह सकता है। ओस के कारण टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है।
ईशान की जगह कुमार कुशाग्र टीम में शामिल
ईशान की जगह झारखंड के बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। हालांकि ईशान अभी सिर्फ दूसरे टी-20 मैच से बाहर हैं। उन्हें किशन पहले टी-20 के दौरान दाईं तरफ की एडडक्टर मांसपेशियों में हल्की चोट लगी थी। हालांकि BCCI ने यह नहीं बताया कि ईशान को ठीक होने में कितना समय लगेगा।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, नमन धीर, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव।
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, टिम सइफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, एडम मिल्ने, लॉकी फर्ग्यूसन।


































