नई दिल्ली: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत पर पाकिस्तान की जीत का खूब जश्न मनाया और अब वह जमकर ट्रोल हो रहे हैं। यह टूर्नामेंट लंबे समय से हो रहा है, लेकिन मुकाबलों का स्तर औसत दर्जे का होने के कारण कभी लोकप्रिय नहीं हुआ। इसमें दोनों टीमों से सिर्फ 6 खिलाड़ी ही खेलते हैं। ऐसे में क्रिकेट के नियमों का ही पालन नहीं होता। इसी वजह से क्रिकेट जगत में इस टूर्नामेंट की कोई खास अहमियत नहीं है।
पाकिस्तान के लिए अचानक ही यह सबसे अहम टूर्नामेंट बन गया, क्योंकि पाकिस्तानी टीम ने भारत को हरा दिया। ऐसे में पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने ही जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया। इसके बाद क्रिकेट फैंस ने शहबाज का जमकर मजाक बनाया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस जीत पर पाकिस्तानी टीम को बधाई दी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी की भी जमकर तारीफ की। हालांकि, उनकी इस प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर उनका जमकर मजाक उड़ने लगा।
मैच में क्या हुआ?
शुक्रवार 30 अक्टूबर को हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थीं। छह-छह ओवर के इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 88 रन ही बनाए। भारत की ओर से शशांक सिंह ने 11 गेंदों पर 40 रन की पारी खेली। जवाब में पाकिस्तान ने 3.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। पाकिस्तान के कप्तान अब्बास अफरीदी ने 8 गेंदों पर 35 रन बनाए, जबकि ख्वाजा नफे ने 12 गेंदों पर 41 रनों की पारी खेली। इस तरह पाकिस्तान ने भारत को चार विकेट से हरा दिया।
जीत पर शहबाज शरीफ की खुशी
पाकिस्तान की इस जीत के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पाकिस्तानी टीम को बधाई दी। उन्होंने इस जीत को शानदार बताते हुए खिलाड़ियों की सराहना की। साथ ही पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी और उनकी टीम के प्रयासों की भी तारीफ की। शहबाज शरीफ का यह पोस्ट भारतीय क्रिकेट फैंस के निशाने पर आ गया। सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि छह ओवर के एक छोटे से मुकाबले में जीत को लेकर पाकिस्तान में जिस तरह जश्न मनाया जा रहा है, वह हैरान करने वाला है।
लोगों ने पूछा- तुझे कुछ काम नहीं है क्या?
शहबाज शरीफ की पोस्ट पर कई यूजर्स ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के पास देश के जरूरी मुद्दों के अलावा कोई और काम नहीं बचा है? कुछ लोगों ने उनकी प्रतिक्रिया को जरूरत से ज्यादा उत्साह बताया। हालांकि, पाकिस्तान के लिए यह जीत टूर्नामेंट के लिहाज से अहम थी, लेकिन भारतीय फैंस ने इसे लेकर पाकिस्तान के जश्न पर खूब चुटकी ली। भारत-पाकिस्तान मुकाबले से ज्यादा चर्चा शहबाज शरीफ के जश्न की हो रही है और पाकिस्तान का मजाक बन रहा है।






























