पेरिस: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उनकी पत्नी के बारे में की गई निजी टिप्पणियों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पलटवार किया है। मैक्रों ने ट्रंप की टिप्पणियों को मर्यादाहीन बताया है। दक्षिण कोरिया की यात्रा के दौरान मैक्रों ने पत्रकारों से कहा, ‘ट्रंप बहुत ज्यादा बोलते हैं। उनकी टिप्पणियां न तो शालीन हैं और न ही किसी स्तर की।’
ट्रंप ने उड़ाया था मैक्रों का मजाक
मैक्रों अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के कुछ घंटे पहले दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में एक निजी भोज के दौरान मैक्रों के साथ अपनी एक फोन बातचीत का जिक्र करते हुए फ्रांसीसी प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाया था। ट्रंप ने दावा किया कि मैक्रों की पत्नी ब्रिगेट उनके साथ बेहद बुरा बर्ताव करती हैं।
ट्रंप ने क्या कहा था?
ट्रंप वॉशिंगटन डीसी में एक डिनर के दौरान बोल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने दावा किया कि खाड़ी में चल रहे संघर्ष के दौरान उन्होंने व्यक्तिगत रूप से फ्रांस से सैन्य सहायता का अनुरोध किया था, लेकिन पेरिस ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया। ट्रंप ने आगे कहा, ‘हमें उनकी जरूरत नहीं थी, फिर भी मैंने उनसे पूछा।’
फ्रांस में ट्रंप का विरोध
ट्रंप की इन टिप्पणियों को लेकर फ्रांस में भारी विरोध हो रहा है। इसमें मैक्रों के विरोधी भी शामिल हैं। नेशनल एसेंबली की अध्यक्ष येल ब्रौन-पिवेट ने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया में संघर्ष चल रहा है, ये टिप्पणियां उम्मीद के मुताबिक नहीं थीं। उन्होंने कहा, लोग मर रहे हैं और हमारे पास ऐसे राष्ट्रपति हैं जो दूसरों का मजाक उड़ा रहे हैं। फ्रांस अनबाउड पार्टी के मैनुअल बॉम्पार्ड ने इसकी निंदा की और कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद मैक्रों और उनकी पत्नी के बारे में ऐसी टिप्पणियां बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं हैं।






































