मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से शादी के दौरान बवाल का मामला सामने आया है। घटना खतौली थाना क्षेत्र का है। दरअसल, इलाके के एक गांव में शादी वाले घर पर एक साथ दो बारात पहुंच गई। मतलब, दुल्हन एक और दूल्हा दो। शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। ऐसे में दो बारातियों के दरवाजे पर पहुंचने का मामला फंस गया। बाराती और घराती पक्ष के लोग मामले को सुलझाने में जुटे थे। इसी बीच चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंच गई। दूल्हन की उम्र को लेकर विवाद गहराया। जांच में दूल्हन नाबालिग निकली। इसके बाद उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। वहीं, दोनों बारात बिना दुल्हन वापस लौट गई। दूल्हन की मेडिकल जांच के बाद उम्र तय की जाएगी।
कैसे पहुंची दो बारात?
हालांकि, शादी समारोह में दो बारात का मामला उलझा रहा। इसको लेकर दूल्हन के पिता ने पुलिस को जानकारी दी। पिता ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी छह माह पहले शामली के गांव बाबरी में तय की थी। बाबरी के प्रदीप उर्फ अनिल के साथ बेटी की शादी होनी थी। लेकिन, शादी के एक दिन पहले प्रदीप के भाई का निधन हो गया। गमी के कारण बारात आएगी या नहीं, इस पर सवाल खड़े हो गए।
बाबा ने तय किया दूसरा रिश्ता
शादी की तैयारियों और खर्चा अधिक होने को देखते हुए दुल्हन के बाबा मनोहर ने मेरठ के थाना मेडिकल के गांव डिग्गी में रिश्ता तय कर दिया। सोमवार को ही दुल्हन की डिग्गी के राकेश के साथ शादी तय हो गई। मंगलवार को बारात लाए जाने की शर्त रखी गई। वहीं, मंगलवार को शामली और मेरठ से दोनों दूल्हे बरात लेकर पहुंच गए। इससे शादी वाले घर में हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन पाई। बवाल बढ़ने लगा तो किसी ने चाइल्ड हेल्पलाइन को फोन कर दिया।
मौके पर पहुंची टीम
चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची। इसमें प्रभारी सचिन कुमार और सुपरवाइजर भुवनेश्वर भी शामिल थे। उन्होंने दुल्हन के परिवार से लड़की की आयु का प्रमाण पत्र मांगा। लेकिन, परिवार कोई प्रमाण पत्र नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम दुल्हन को लेकर अपने साथ चली गई। सचिन कुमार ने कहा कि लड़की को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा। फिलहाल उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। अब ओसिफिकेशन टेस्ट के बाद ही दुल्हन की उम्र तय होगी।
वापस लौट गई बारात
दुल्हन की उम्र का मामला फंसते ही मेरठ और शामली से आई बारात वापस लौट गई। दोनों स्थानों से सात-सात बाराती आए थे। पुलिस ने बताया कि दोनों बारात को वापस भेज दिया गया है। दुल्हन पक्ष का पूरा परिवार दिव्यांग है। माता-पिता के साथ-साथ भाई-बहन भी दिव्यांग हैं। ऐसे में आसपड़ोस के लोग शादी की तैयारी कर रहे थे।

































