जगदलपुर, जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का समापन हो गया। चार दिन चले इस आयोजन में ओडिशा ने 8 गोल्ड के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि झारखंड दूसरे और कर्नाटक तीसरे स्थान पर रहा।
मेजबान छत्तीसगढ़ ने भी 1 गोल्ड सहित कुल 6 पदक जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। जगदलपुर में 30 मार्च से शुरू हुआ यह आयोजन 2 अप्रैल तक चला। देशभर से आए जनजातीय खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दिया।
अब जानिए पदक तालिका में किसका दबदबा
ओडिशा- 8 गोल्ड, 7 सिल्वर, 9 ब्रॉन्ज – पहला स्थान झारखंड- 8 गोल्ड, अन्य पदकों के आधार पर दूसरा स्थान कर्नाटक- 5 गोल्ड- तीसरा स्थान गुजरात और महाराष्ट्र- चौथे और पांचवें स्थान पर छ्त्तीसगढ़- 1 गोल्ड- छठवां स्थान
छत्तीसगढ़ ने भी दिखाया दम
मेजबान छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने घरेलू मैदान का फायदा उठाते हुए 1 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य पदक जीता। दर्शकों का भी खिलाड़ियों को भरपूर समर्थन मिला। समापन समारोह में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। वन मंत्री केदार कश्यप, कमिश्नर डोमन सिंह, IG सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा और एसपी शलभ सिन्हा ने खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया। इस आयोजन से जनजातीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। साथ ही बस्तर में खेल संस्कृति को भी मजबूती मिली है।






































